CRIME

कांगड़ा में भतीजे ने की चाचा की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

मृतक अशोक कुमार।

धर्मशाला, 28 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कांगड़ा जिला में जमीनी विवाद के चलते रविवार को भतीजे ने अपने चाचा की हत्या कर दी। आरोपी ने चाचा पर चाकू से कई वार किए। गंभीर अवस्था में परिजन और ग्रामीण उसे टांडा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की है।

डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे की वजहों की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार यह मामला कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लुदरेड गांव का है। जहां अशोक कुमार रविवार (28 सितंबर) सुबह करीब आठ बजे घर से मजदूरी के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में उसका अपने भतीजे सुखबिंदर से सामना हो गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते सुखबिंदर ने जेब से चाकू निकाला और अशोक कुमार पर वार कर दिए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हाल ही में अशोक कुमार ने सरकारी योजना के तहत नया मकान बनाया था और वह अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ वहीं रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। फोरलेन में जमीन आने पर मुआवजे को लेकर भी रिश्तेदारों में तनातनी रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि अशोक कुमार ने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। बावजूद इसके विवाद शांत नहीं हुआ और आखिरकार रविवार को इसने खौफनाक रूप ले लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top