
रांची, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति और सर्वधर्म सद्भावना समिति के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बिहार क्लब में सद्भावना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर श्री दुर्गा पूजा समिति के आजीवन संयोजक डॉ अजीत सहाय ने की। इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष समशेर आलम, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, एसडीएम रांची उत्कर्ष कुमार, एडीएम विधि-व्यवस्था, राजेश्वर नाथ आलोक, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, पूर्व विधायक जयप्रकाश गुप्ता, महावीर मंडल के अध्यक्ष जयसिंह यादव सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने रांची की गंगा-जमुनी तहजीब को अनूठा बताते हुए एकता और भाईचारे को बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने रांची के सर्वधर्म सौहार्द की प्रशंसा की और इसे अनुकरणीय
बताया। अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष समशेर आलम और गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने रांचीवासियों की एकता को राष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक बताया और इस वर्ष दुर्गा पूजा सहित सभी त्योहारों को मिलजुलकर मनाने का संकल्प जताया।
वहीं नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने सर्वधर्म त्योहारों में सभी के सहयोग की सराहना की और प्रशासनिक सहायता का वादा किया।
कार्यक्रम का संचालन सर्वधर्म सद्भावना समिति के अध्यक्ष मो इसलाम ने किया। वहीं मौके पर डॉ अजीत सहाय ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में बिहार क्लब के धार्मिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यों की चर्चा की और इसे और बेहतर बनाने की बात कही।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
