Chhattisgarh

अंबिकापुर: सेवा पखवाड़ा में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, सियान सदन में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान

अंबिकापुर, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा सरगुजा ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत नमना कला के सियान सदन में शन‍िवार को व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिकों ने पौधरोपण किया और उनकी सुरक्षा के लिए लोहे के ट्री गार्ड भी लगाए।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सेवा ही संगठन का संकल्प है और सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जिलेभर में जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने भफौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हाल ही में किए गए स्वच्छता अभियान का उदाहरण देते हुए बताया कि कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मिलकर स्वास्थ्य केंद्र का कायाकल्प किया। सियान सदन परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया और आगामी दिनों में यह क्रम जारी रहेगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर जिले के 787 बूथों पर हजारों पौधे लगाए गए हैं।

लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि पेड़ जीवन के लिए अनिवार्य हैं। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर चल रहे इस अभियान से पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। महापौर मंजूषा भगत ने सभी से वृक्षारोपण और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया और कहा कि यह अभियान समाज को स्वच्छ और हरित बनाने में सहायक होगा।

कार्यक्रम का संचालन पार्षद एवं अभियान प्रभारी मनोज गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संवाद प्रमुख संतोष दास ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, सभापति हरमिंदर सिंह, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, पेंशनर्स और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

—————

(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह

Most Popular

To Top