CRIME

गुलाबी गैंग संग पत्नी ने पति को घर में घुसकर पीटा

मारपीट के वीडियो से लिया फोटो

–पुलिस ने उल्टा पति का किया चालान, फुटेज के आधार पर अब 3 नामजद व 8 अज्ञात पर मुकदमा

झांसी, 27 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला ने गुलाबी गैंग से अपने पति की पिटाई करा दी। आरोप है कि पत्नी का एक युवक से अफेयर है। इसके चलते दोनों अलग-अलग रहते हैं। पत्नी बच्चों को लेने 6 महिलाओं और 2 पुरुषों को लेकर घर पहुंची। यहां खुद घर के बाहर छुप गई और महिलाओं ने पति पर हमला बोल दिया। महिला के पति और उसके भांजे ने गेट बंद करने की कोशिश की। मगर महिलाएं गेट खोलकर अंदर घुस गईं और पति को 15 मिनट तक पीटा। घटना 18 सितम्बर की बताई जा रही है। पति ने घटना को लेकर पत्नी, उसके प्रेमी व एक अन्य नामजद समेत 8 अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया है।

पंचवटी कॉलोनी के रहने वाले घनश्याम साहू ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि ऑनलाइन डेटा एंट्री का काम करता है। 2012 में उसकी शादी मोहनी से हुई थी। उसकी 9 साल की बेटी और 3 साल का बेटा है। आरोप लगाया कि पत्नी का प्रदीप कुमार ठाकुर उर्फ बबलू से अफेयर है। इसे लेकर हम दोनों के बीच झगड़ा है और पारिवारिक न्यायालय में केस चल रहा है। वह पत्नी से अलग किराए के मकान में रहता है। दोनों बच्चे भी उसके साथ रहते हैं। बेटी को सब कुछ पता है। इसलिए बच्चे उसके साथ रहते हैं। पत्नी बच्चों को जबरन अपने पास ले जाना चाहती है। 18 सितम्बर को रात करीब साढ़े 9 बजे वह खाना खा रहा था। तभी पत्नी 6 अज्ञात महिलाओं और दो अज्ञात पुरुषों को लेकर आई। साथ में उसका प्रेमी भी था। पत्नी छुप गई और महिलाओं ने डोर बेल बजाई। वह गेट पर आया तो महिलाएं बोली बात करना है। बहाने से उन्होंने गेट खुलवा लिया। महिलाएं अपने आपको गुलाबी गैंग की सदस्य बता रही थी। बाहर आकर देखा तो पत्नी छुपी हुई थी। उसने मेरे ऊपर हमला बोल दिया। मैंने गेट बंद करना चाहा तो जबरन गेट खोल लिया। फिर घर में घुसकर मुझे गिराकर पीटा। इस दौरान सबा खान ने जान से मारने की धमकी भी दी। उसके 3 मोबाइल और दो लैपटॉप छीनकर ले गईं।

–पिटे हुए पति का किया चालान

इसके विपरीत मारपीट करने की सूचना पर पुलिस आ गई और सभी को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने 151 में पीड़ित पति का चालान कर दिया। जमानत कराकर वापस लौटकर उसने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली। इसके बाद थाने में तहरीर दी। तब जाकर शनिवार को पुलिस ने पत्नी मोहिनी, उसके प्रेमी प्रदीप ठाकुर उर्फ बब्लू,सबा खान, 6 अज्ञात महिलाएं और दो अज्ञात पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजेश पाल सिंह का कहना है कि पत्नी, उसके प्रेमी व एक अन्य नामजद समेत 8 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top