Maharashtra

महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी

महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी

मुंबई, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में 30 सितंबर तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। कोकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाडा में भारी से भारी बारिश का अनुमान है। इस बीच गरज चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। निचले इलाकों में बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावना है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के आदेश के साथ ही लोगों से सावधानी बरतने का आव्हान किया गया है।

राज्य के सभी जिला प्रशासन को सूचित किया गया है कि नियंत्रण कक्ष 24X7 कार्यरत रहें। निचले इलाकों में जल निकासी के लिए पंप लगाए जाएं। खतरनाक और पुरानी इमारतों के मामले में आवश्यक उपाय किए जाएं। लोगों से अपील की गई है कि भारी बारिश के दौरान जरूरी न हो तो घरों से बाहर निकलें। उफनती नदी, नालों व समुद्री तटों, पहाड़ी जैसे खतरनाक क्षेत्रों में जाने से बचें। तेज प्रवाह वाले पानी को पार करने की कोशिश न करें। संभावित बाढ़ की स्थिति वाले जिलों के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार कोकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाडा में ज्यादा बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए रविवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने सूचित किया है कि मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में बाढ़ की स्थिति निर्माण होने की संभावना है। सभी जिला प्रशासन को सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश जारी किए गए हैं। घाट क्षेत्र में भूस्खलन की संभावना है। अचानक बाढ़ आने का खतरा है। नदियों के प्रवाह पर निरंतर निगरानी रखने और आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top