CRIME

वरिष्ठ लिपिक का यमुना में कूदकर आत्महत्या करने का मामला

H
J

–इटावा नगरपालिका चेयरमैन, अधिशासी अधिकारी समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज

इटावा,27 सितम्बर(Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के इटावा में नगरपालिका के वरिष्ठ लिपिक राजीव यादव का शव 29 घंटे बाद यमुना नदी से बरामद होने के बाद पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर पालिका चेयरमैन ज्योति गुप्ता, पूर्व चेयरमैन कुलदीप उर्फ संटू गुप्ता, अधिशाषी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा, रिटायर्ड पेशकार अतर सिंह सेंगर, रिटायर्ड कर्मचारी सुनील वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक वरिष्ठ लिपिक के पुत्र को सांत्वना देने पहुंची सदर विधायक सरिता भदौरिया ने बताया कि मृतक राजीव कुमार यादव इटावा नगर पालिका में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात थे। नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी द्वारा उनका प्रमोशन और वेतन रोक दिया गया था। जिस वजह से यह परेशान चल रहे थे। कल बीते शुक्रवार को इन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और उनके पति व पूर्व अध्यक्ष समेत पांच लोगों के खिलाफ सुसाइड नोट लिखकर यमुना नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली। 29 घंटे बाद पुलिस की रेस्क्यू टीम ने उनके शव को थाना बढ़पुरा क्षेत्र के जरहौली गांव के पास से बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने मृतक के परिवार को हर संभव मदद दिलवाने का आश्वासन भी दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बीते शुक्रवार को यमुना नदी के पुल से कूद कर नगर पालिका में तैनात वरिष्ठ लिपिक राजीव कुमार यादव ने आत्महत्या कर ली थी। पुल के ऊपर से मृतक की मोटरसाइकिल बरामद हुई थी। जिसमें मृतक ने एक सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने यमुना नदी में मृतक के शव को तलाशने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवा दिया था। आज सुबह थाना बढ़पुरा क्षेत्र के अंतर्गत जरहौली गांव के पास से मृतक राजीव यादव का शव बरामद हो गया है।

मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट और उसके पुत्र के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपित नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप उर्फ संटू गुप्ता, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार मिश्रा, रिटायर्ड पेशकार अतर सिंह सेंगर और रिटायर्ड कर्मचारी सुनील कुमार वर्मा के खिलाफ बीएस की धारा 108,352, 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधायक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा पोस्टमार्टम कर शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है और पुलिस की एक टीम आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित सिंह

Most Popular

To Top