HEADLINES

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप दिल्ली में शुरू, प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का किया स्वागत

विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 दिल्ली में शुरू

नई दिल्ली, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां शुरू हुई विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के सभी खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर अपने संदेश में कहा, “भारत को गर्व है कि हम विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की मेजबानी कर रहे हैं, जो आज से दिल्ली में आरंभ हो रही है। सभी प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत और शुभकामनाएं। यह प्रतियोगिता मानवीय संकल्प और जज़्बे का उत्सव है। आशा है कि यह आयोजन पूरी दुनिया में एक अधिक समावेशी और जीवंत खेल संस्कृति को प्रेरित करेगा।”

उल्लेखनीय है कि भारत पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। यह 27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें 100 से अधिक देशों के एक हजार से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कुल 186 पदक स्पर्धाओं में एथलीट ट्रैक और फील्ड की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

भारत के लिए यह ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। देश की ओर से 70 से अधिक पैरा एथलीट इसमें भाग ले रहे हैं। भारत ने हाल के वर्षों में पैरा एथलेटिक्स में उल्लेखनीय प्रगति की है। दोहा 2015 में केवल दो रजत पदक से लेकर कोबे 2024 में 17 पदक (जिसमें 6 स्वर्ण शामिल) तक का सफर इसकी गवाही देता है।

————-

(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार

Most Popular

To Top