HimachalPradesh

स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल ने विदेश दौरा किया स्थगित, छह महीने बाद जाएंगे प्रतिनिधिमंडल

शिमला, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । सोशल मीडिया और राजनीतिक विरोध के बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल के नेतृत्व में होने वाला विदेश दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह दौरा 2 से 11 अक्तूबर तक लंदन और फ्रांस में प्रस्तावित था, जहां स्वास्थ्य विभाग की 10 सदस्यीय टीम को चिकित्सा क्षेत्र की नई तकनीकों और स्वास्थ्य सेवाओं के मॉडलों का अध्ययन करना था। इस प्रतिनिधिमंडल में स्वास्थ्य मंत्री के साथ-साथ विभाग के अधिकारी और चिकित्सा पेशेवर शामिल थे।

विदेश दौरे को लेकर विवाद तब खड़ा हुआ जब यह जानकारी सामने आई कि स्वास्थ्य मंत्री अपने बेटे को भी सरकारी खर्चे पर इस यात्रा में साथ ले जा रहे हैं। विपक्ष ने इस पर सवाल उठाए और सोशल मीडिया पर इसे लेकर जमकर आलोचना हुई। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने दौरा टालने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में आपदा जैसी परिस्थितियां हैं, इसलिए अब छह महीने बाद यह दौरा किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उनका बेटा और बहू विदेश दौरे पर उनके साथ जा सकते थे और इसके लिए वे निजी खर्च वहन करते। स्वास्थ्य कारणों से बेटे को साथ ले जाने में कोई बुराई नहीं है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकारने के बजाय इस मुद्दे पर खबरें प्रकाशित होने पर आपत्ति जताई और कहा कि पत्रकारों को अन्य ज्वलंत विषयों पर लिखना चाहिए, न कि कौन कहां और किसके साथ जा रहा है।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने यह उच्च स्तरीय विदेश दौरा इसलिए तय किया था ताकि विकसित देशों की स्वास्थ्य सेवाओं का अध्ययन कर हिमाचल में भी विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं लागू की जा सकें। इस यात्रा का खर्च हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की आय से वहन किया जाना था। सरकार का मानना है कि विदेशों में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और नीतिगत ढांचे को समझकर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top