Bihar

बिहार के बेगूसराय में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक महिला की मौत

पटना, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) ।बिहार में बेगूसराय जिले के नावकोठी प्रखंड में शुक्रवार देर शाम छतौना पंचायत के वार्ड संख्या-13 में बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है जो टूना महतो की पत्नी थी।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार शाम गीता देवी किसी काम से नदी किनारे गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गईं। ग्रामीणों ने उन्हें खोजने की काफी कोशिश की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद शनिवार सुबह स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब आठ बजे गीता देवी का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही अंचल प्रशासन और नावकोठी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top