Uttar Pradesh

मिशन शक्ति 5.0 एवं सेवा पखवाड़ा – स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार

मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला ई-रिक्शा और टेंपो चालकों का सम्मान का छायाचित्र
बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार  कराती सीडीओ दीक्षा जैन व अन्य का छायाचित्र

कानपुर, 26 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । जनपद में मिशन शक्ति अभियान 5.0 और सेवा पखवाड़ा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला पंचायत विभाग सहित विभिन्न विभागों ने शुक्रवार को जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया।

कार्यक्रमों में नागरिकों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना (सामान्य एवं निराश्रित महिला योजना) और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1098 (चाइल्डलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वुमेन पावर हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर सुरक्षा) के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य जनता में जागरूकता फैलाना और उन्हें उपलब्ध सेवाओं से परिचित कराना है।

इस अवसर पर छह माह के शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार और गर्भवती महिलाओं का गोदभराई संस्कार संपन्न हुआ। बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती रत्ना श्रीवास्तव ने गर्भवती महिलाओं को पोषण, टीकाकरण और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने महिलाओं को स्वस्थ आहार अपनाने, चीनी और मैदे का उपयोग कम करने, और हरी सब्जियां एवं पौष्टिक भोजन शामिल करने की सलाह दी। संचालन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनीशा सिद्दीकी ने किया।

आज बाल विकास परियोजना कल्याणपुर के अंतर्गत टिकरा में मुख्य विकास अधिकारी तथा ब्लॉक प्रमुख की गरिमामय उपस्थिति में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पोषण माह के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन सीडीओ एवं ब्लॉक प्रमुख मैडम द्वारा सम्पन्न हुआ। मिशन शक्ति के अंतर्गत किशोरियों को स्वास्थ्य परामर्श प्रदान करने के साथ-साथ सेनेटरी पैड वितरित किए गए। इस अवसर पर बच्चों को फल और खिलौने भी वितरित किए गए।

सीडीओ दीक्षा जैन द्वारा सभी की शिकायतों को सुना गया और सभी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ समझा गया। उन्होंने वृक्षारोपण किया और विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा अन्य स्थलों का निरीक्षण किया। सीडीओ और ब्लॉक प्रमुख ने मिशन शक्ति के महत्व पर महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए। नवरात्रि के पावन अवसर पर मातृशक्ति की अधिक संख्या में उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर आईसीडीएस कल्याणपुर के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय जनमानस की उपस्थिति रही।

–प्राथमिक विद्यालयों में मिशन शक्ति 5.0 की पहल

प्राथमिक विद्यालय बेकनगंज, प्राथमिक विद्यालय नेहरू नगर नवीन और प्राथमिक विद्यालय कन्या लक्ष्मीपुरवा में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला पुलिस और अधिकारियों ने बालिकाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया। बालिकाओं को उनके अधिकार, आत्मसम्मान, शिक्षा, विकास और समाज व राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया गया। इस पहल ने बालिकाओं में नए संकल्प और जिम्मेदारी की भावना उत्पन्न की और उन्हें समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

–महिला ई-रिक्शा और टेंपो चालकों का सम्मान

मिशन शक्ति 5.0 के तहत कार्यालय संभागीय परिवहन अधिकारी, कानपुर में उप परिवहन आयुक्त, संभागीय परिवहन अधिकारी कानपुर नगर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और यात्री कर एवं मालकर अधिकारी की उपस्थिति में महिला ई-रिक्शा और टेंपो चालकों का सम्मान किया गया। ई-रिक्शा वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा सम्मानित महिला चालकों में निर्मला सचान (जिला अध्यक्ष, महिला चालक प्रकोष्ठ), मालती सिंह, रुखसार बेगम और शमीम बानो शामिल रहीं।

(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप

Most Popular

To Top