Uttar Pradesh

सुलतानपुर: सातवी की छात्रा अपराजित बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष

थाना अध्यक्ष की कुर्सी पर छात्र अपराजिता

सुलतानपुर, 26 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाना में एक अनूठी पहल की गई। नवीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 7वीं की छात्रा अपराजिता अवस्थी को एक दिन के लिए अखंडनगर थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।

एक दिन की थानाध्यक्ष के रूप में अपराजिता अवस्थी ने थाने में उपस्थित होकर जनसुनवाई की। उन्होंने प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए अपने अधीनस्थों को आदेश दिए। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को थाने की कार्यप्रणाली, एफआईआर पंजीकरण की प्रक्रिया और महिला अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्हें 1090, 1930 और 112 जैसी डायल सेवाओं के महत्व से भी अवगत कराया गया। पुलिस ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि वे निडर होकर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं और पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे एम्बुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 की जानकारी भी दी गई।

इसके अतिरिक्त, गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, कानूनी प्रावधानों और अधिकारों पर सार्थक चर्चा की गई। ऐसे कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें समाज में सशक्त नारी शक्ति के रूप में स्थापित होने के लिए प्रेरित करना है।

——–

(Udaipur Kiran) / दयाशंकर गुप्त

Most Popular

To Top