
जबलपुर, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में अपराधों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। संपूर्ण शहर में चोरों एवं लुटेरों का बोलबाला है। प्रतिदिन घट रही चोरी और लूट की घटनाएं इस बात का साक्षात उदाहरण है। इसी के चलते शुक्रवार सुबह मंदिर जा रही एक महिला को लुटेरों ने लूट लिया। बताया जा रहा है कि उक्त महिला भाजपा सुभाषचंद्र बोस मंडल के अध्यक्ष की मां है। मंडल अध्यक्ष अमित राय की मां सुबह अपने घर के पास दुर्गा मंदिर दर्शन करने गयी थी। उसी समय 2 अज्ञात लोग मोटर साइकिल से आए और गले की चेन लूट कर ले गए। जिसकी शिकायत थाना अधारताल में सभी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर करायी।
अमित राय ने पुलिस को बताया कि उनकी माँ अनुसुईया राय पूजा करने के लिये दुर्गा मंदिर जयप्रकाश नगर गयी थी। करीब सुबह 06.25 बजे जब वो लक्ष्मी शुक्ला के मकान के सामने पूजा के लिये फूल तोड रही थी, उसी समय काले रंग की बाइक में सवार दो अज्ञात लडके आये जिसमें से एक लड़के ने हेलमेट पहना हुआ था और उसके पीछे बैठे लड़के ने अपना मुँह सफेद गमछे में ढका हुआ था। पीछे बैठे लड़के ने महिला के गले से एक सोने की चेन लगभग 25 ग्राम की झप्पटा मारकर खींची और दाेनाें स्पीड में माैके से भाग गये। उक्त घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / विलोक पाठक
