West Bengal

सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत, पांच घायल

नदिया, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पूजा शुरू होने के ठीक पहले नदिया जिले के तेहट्ट थाना क्षेत्र के बेटाई साधुबाजार इलाके में गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में एक महिला और उसका चार वर्षीय बेटे की मौत हो गई। वहीं, उसी कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर आगजनी कर पथ अवरोध किया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित की जा सकी। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने आरोपित चालक अशोक राय को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मृत महिला का नाम संगीता घोष (28) और उनके बेटे का नाम प्रीतम घोष (04) है। दोनों का घर तेहट्ट के साधुबाजार इलाके में ही है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात संगीता घोष अपने बेटे प्रीतम के साथ घर के सामने सड़क किनारे खड़ी थीं। तभी लाल रंग की एक प्राइवेट कार श्यामनगर–बेटाई सड़क पर तेज रफ्तार से आई और मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों पास के जलाशय में जा गिरे। स्थानीय लोगों ने खोजबीन कर उन्हें बाहर निकाला और तेहट्ट महकमा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर, टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और एक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में चालक अशोक राय सहित कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोपित चालक को पकड़ लिया, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ से उसे छुड़ाया। शुक्रवार दोपहर पुलिस ने आधिकारिक रूप से अशोक राय की गिरफ्तारी की पुष्टि की।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top