
-ज्वाला देवी विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया कन्या पूजन उत्सव
प्रयागराज, 26 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । कन्या पूजन हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह हमें सिखाता है कि हमें लड़कियों का सम्मान करना चाहिए, क्योंकि वे ही समाज की शक्ति और भविष्य हैं। मां दुर्गा की पूजा तब तक अधूरी है, जब तक हम उनके साक्षात स्वरूप कन्याओं का आदर न करें।
यह बातें प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) शिक्षा प्रसार समिति द्वारा संचालित सिविल लाइन स्थित ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने कहा। शुक्रवार को नवरात्रि के पावन पर्व एवं दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर विद्यालय में भव्य ’’कन्या पूजन’’ उत्सव का आयोजन किया गया,जिसमें विद्यालय की सौ से अधिक बहनों का पूरे विधि-विधान के साथ पूजन किया गया और पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उत्सव भारतीय संस्कृति की समृद्ध परम्पराओं और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। विद्यालय ने इस आयोजन के माध्यम से न केवल बहनों को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया गया, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति आदर और सम्मान का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा पण्डितजी के सहयोग से मां दुर्गा का वैदिक विधि विधान से मन्त्रोच्चारण के साथ पूजन अर्चन के पश्चात् आरती के साथ हुआ। इसके बाद, सभी कन्याओं को एक पंक्ति में बैठाकर, शिक्षिकाओं और अन्य आचार्यगणों ने उनके पैर धोए, जो देवी के प्रति उनकी गहरी श्रद्धा का प्रतीक था। इसके बाद, सभी कन्याओं को तिलक लगाकर और लाल चुनरी ओढ़ाकर उनकी आरती उतारी गई। पूजन के बाद, कन्याओं को पारम्परिक भोजन परोसा गया। भोजन के उपरांत, विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी कन्याओं को उपहार स्वरूप पढ़ाई-लिखाई का सामान, खिलौने और मिठाइयां भेंट की गईं।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी सरोज दूबे ने बताया कि पूरे दिन चले इस कार्यक्रम में, भक्ति गीत, भजन एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे विद्यालय का वातावरण और भी मधुर हो गया। यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि एक सशक्त सामाजिक संदेश भी था। कार्यक्रम के माध्यम से यह दर्शाया गया कि बेटियों का सम्मान करना और उन्हें हर क्षेत्र में समान अवसर देना समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है।
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
