

रांची, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । राजधानी रांची में आरआर स्पोर्टिंग क्लब की ओर से बनाए गए दुर्गा पूजा पंडाल को गिरिजाघर (चर्च) का रूप देने और उसमें ईसा मसीह और मरियम की तस्वीर लगाए जाने पर राष्ट्र धर्म रक्षा मंच ने कड़ी आपत्ति जताई है। मंच के अध्यक्ष अमृतेश पाठक ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल में चर्च और ईशा एवं मरियम की तस्वीर लगाई गई है। उन्होंने कहा कि जिसने यह कुकृत्य किया क्या वह चर्च में भी भगवान श्रीराम की तस्वीर लगाने की हिम्मत रखता है। क्या यही धर्मनिरपेक्षता और सद्भाव है तो चर्च में भगवान श्रीराम की प्रतिमा लगाकर दिखाएं। तब सारी धर्मनिरपेक्षता का भूत अपने आप उतर जाएगा।
उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की पूजा सनातनी समाज आस्था और श्रद्धा के साथ करता है, लेकिन कुछ शरारती और षड्यंत्रकारी तत्वों ने हमारी भावनाओं को आहत किया है। यह पूरी तरह से सनातनी आस्था के साथ खिलवाड़ और भद्दा मजाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य हिंदू देवी-देवताओं का अपमान और सनातन धर्म को कमजोर करने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुओं से चंदा लेकर, उन्हीं के बीच रहकर कुछ लोग हिंदू धर्म का ही विनाश करने पर तुले हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
पाठक ने रांचीवासियों से अपील की है कि वे विरोध स्वरूप ऐसे पंडालों के इर्द-गिर्द घूमने से भी परहेज करें।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
