Jharkhand

विवेकानंद की प्रतिमा के अपमान के खिलाफ भाजपा ने एसपी कौ सौंपा ज्ञापन

एसपी को ज्ञापन सौंपते भाजपा कार्यकर्ता

दुमका, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नगर थाना के समीप स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने सिर पर जूता-चप्पल रखकर समाज में वैमनस्य और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया।

इस आपत्तिजनक कृत्य से भाजपा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने रोष व्यक्त करते हुए घटना की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुष, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और युवाओं के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उनकी प्रतिमा का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। यह कृत्य दुमका के सामाजिक समरसता को तोड़ने की साजिश है। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसपी पितांबर सिंह खेरवार को ज्ञापन सौंपकर दो‍षियाें के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की है।

उल्‍लेखनीय ह‍ै कि भाजपा सेवा पखवाड़ा के तहत लगातार महापुरुषों की प्रतिमाओं और धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई और संरक्षण का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने संकल्प लिया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की मानसिकता को परास्त करते हुए महापुरुषों के आदर्शों को समाज में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित किया जाएगा।

मौके पर प्रदेश समिति सदस्य निवास मंडल, पिंटू साह, गुंजन मरांडी, विवेकानंद राय, नवल किस्कू, मृणाल मिश्रा, दीप्तांशु कोचगवे, अमन राज, रामकृष्ण हेंब्रम मौजूद थे।

—————

(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार

Most Popular

To Top