Madhya Pradesh

स्वदेशी का बीज बनेगा आत्मनिर्भर भारत का वृक्ष, जीएसटी रिफॉर्म से स्वदेशी बाजार को मिलेगी ताकत: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कन्या पूजन एवं पौधारोपण किया

बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कन्या पूजन एवं पौधारोपण किया

भोपाल, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने जनसंघ के संस्थापक सदस्य व एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरुवार काे लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कन्या पूजन एवं पौधारोपण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वदेशी का बीज आत्मनिर्भर का वृक्ष बनेगा। जीएसटी रिफॉर्म से स्वदेशी बाजार को ताकत मिलेगी। हमारी पार्टी ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के साथ आज पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक स्वदेशी सप्ताह चलाएगा, जो हमें प्रेरणा देगा। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत शास्त्री नगर, वार्ड नंबर 32 में मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन करने के पश्चात मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। भदभदा सेतु ज्यूडीशियल अकादमी के पास उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ पौधारोपण किया। तत्पश्चात भाजपा प्रदेश कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

पं. दीनदयाल का मूल मंत्र स्वावलंबन, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत था – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का मूल मंत्र स्वावलंबन, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी पार्टी द्वारा सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया गया है। ‘सेवा पखवाड़ा’ के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक स्वदेशी सप्ताह चलाया जा रहा है। महात्मा गांधी ने चरखे से सूत कातकर स्वदेशी की अवधारणा को मजबूत कर ‘चलो गांव की ओर’ का प्रादुर्भाव किया था। विदेशी कपड़ों की होली जलाई गई और अंग्रेजों को देश छोड़कर जाना पड़ा था। आज भी स्वदेशी को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। पं. दीनदलाय उपाध्याय ने अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक का सुख की कामना करते हुए एकात्मवाद का जो दर्शन दिया था, उसका मूल मंत्र भी स्वावलंबन, स्वदेशी, आत्मनिर्भर और गांवों में हमारी बनी हुई व्यवस्थाएं है।

पं.दीनदयाल के विचारों को आगे बढ़ाना है- हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने हमारी विचारधारा को एक दिशा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब कल्याण के लिए आज जो कार्य कर रहे हैं उसमें पं. दीनदयाल उपाध्याय का व्यक्तित्व नजर आता है। हम सब पार्टी के कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए गए मार्गों पर चलते हैं। जीवन में कितनी भी कठिनाई आए हमें उनके बताए गए मार्गों पर चलकर उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाना है। यही आज हमारी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने की सफाई, रोपा पौधा

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गुरूवार को प्रदेश भर में एक साथ स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भोपाल के शास्त्री नगर, वार्ड नंबर-32 में मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन करने के पश्चात मंदिर परिसर में साफ-सफाई की। भदभदा सेतु ज्यूडीशियल अकादमी के पास उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ पौधारोपण किया। तत्पश्चात भाजपा प्रदेश कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने जवाहर चौक पर स्थित दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों से जीएसटी की दरों में की गई कटौती की जानकारी देते हुए चर्चा की और बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किस तरह आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा दे रहे हैं। व्यापारियों ने भी जीएसटी की कटौती की सराहना की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने डिजिटल भुगतान किया। साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की बात भी कही।

प्रदेश के सभी बूथों पर मनाई गई पं. दीनदयाल की जयंती

जनसंघ के संस्थापक सदस्य एवं एकात्म मानववाद के प्ररेणा पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती गुरुवार काे प्रदेश के सभी बूथों पर मनाई गई। भाजपा द्वारा एक साथ, एक दिन, एक समय स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें पार्टी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। जिलों में आयोजित संगोष्ठियों में प्रदेश शासन के मंत्रीगण, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता ने सहभागिता की है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top