HEADLINES

विकासशील अघले बने छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव, आदेश जारी

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील अघले
सामान्य प्रशासन का आदेश

रायपुर, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील अघले (1994 बैच के) छत्तीसगढ़ के अगले मुख्य सचिव होंगे। वह अमिताभ जैन की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 सितंबर को खत्म हो रहा है। इस संबंध में गुरुवार शाम सामान्य प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनकी जगह 1994 बैच के आईएएस अधिकारी विकास शील को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

विकासशील एशियाई डेवलपमेंट बैंक मनीला में कार्यकारी निदेशक के पद पर तैनात थे, जहां से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल के बाद वापस बुलाया गया था।वर्ष 1994 में भारतीय प्रशासनिक सेवा ज्वाइन करने वाले विकासशील रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े जिलों में कलेक्टर रहे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ शासन में उद्योग, वित्त, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व भी संभाल चुके हैं है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और जल शक्ति मंत्रालय में वरिष्ठ पदों पर कार्य का अनुभव मिला। जल जीवन मिशन में मिशन डायरेक्टर के रूप में उनकी भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। मार्च 2025 में केंद्र सरकार ने उन्हें सचिव ग्रेड के लिए एंपैनल किया। इस एंपैनलमेंट को छत्तीसगढ़ कैडर में उनकी सीनियरिटी और अनुभव के लिहाज से एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकासशील को छत्तीसगढ़ वापस बुलाए जाने की पहल की थी। उनके निर्देश पर राज्य ने केंद्र सरकार को पत्र भेजा था। इसके बाद भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने हाल ही में ADB को पत्र लिखकर विकासशील को समय से पहले रिलीव कर दिया।

विकासशील अघले की पत्नी निधि छिब्बर भी 1994 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वे भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से मुक्त होकर छत्तीसगढ़ लौट रही हैं।

दिसंबर 2020 से मुख्य सचिव पद संभाल रहे अमिताभ जैन को जून 2025 में रिटायरमेंट पर तीन माह का एक्सटेंशन मिला था, जो 30 सितंबर को खत्म होगा। माना जा रहा है कि वे अब मुख्य सूचना आयुक्त बन सकते हैं। राज्य गठन के बाद से अब तक 12 अधिकारी मुख्य सचिव रह चुके हैं। विकासशील अघले इस सूची में 13वें मुख्य सचिव होंगे। अघले का अनुभव और नेतृत्व छत्तीसगढ़ प्रशासन को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

———–

(Udaipur Kiran) / केशव केदारनाथ शर्मा

Most Popular

To Top