
रांची, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा रांची महानगर जिला कार्यालय में गुरुवार को महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109 वीं जयंती पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, केके गुप्ता, महामंत्री बलराम सिंह और जितेंद्र वर्मा उपस्थित रहे।
संगोष्ठी की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने की। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि विचार थे। उनका जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति और राष्ट्र को समर्पित था। उन्होंने देश के शोषित वंचित, पिछड़े और आदिवासियों के जीवन में उत्थान लाने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था। पंडितजी की परिकल्पना को आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ा रहें हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र की मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक सीपी सिंह ने कहा कि पंडितजी का विचार आज हर भारतवासी के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने संपूर्ण जीवन सादगी से जिया और खुद को राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया।
विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल का एकात्म मानववाद का सिद्धांत भारत को अन्य देशों से अलग करता है। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि भारत पंडितजी के कहे मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी अंत्योदय को धरातल पर उतार रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे
