Maharashtra

मुंबई में जारी रहेगा स्वास्थ्य व स्वच्छता अभियानः डीसीएम शिंदे

मुंबई, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुंबईवासियों के स्वस्थ स्वास्थ्य और सुंदर शहर के लिए गहन सफाई अभियान जारी रहेगा। स्वच्छता के साथ-साथ मुंबई मनपा प्रशासन पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न उपाय लागू कर रहा है और राज्य के अन्य मनपाओं को भी इसका अनुसरण करना चाहिए। यह आव्ह्न उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया है।

उपमुख्यमंत्री व मुंबई के पालक मंत्री शिंदे ने गुरुवार को कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के साथ मुंबई के सफाई अभियान में हिस्सा लिया। इस अवसर पर बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी सहित मनपा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान मेट्रो सिनेमा से फैशन स्ट्रीट क्षेत्र में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सड़कों और फुटपाथों की सफाई की गई और उन्हें पानी से धोया गया। साथ ही स्वच्छता की सामूहिक शपथ भी ली गई। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि आज पूरे देश और राज्य में ‘स्वच्छता के लिए एक घंटा अभियान चल रहा है। यह अभियान पूरे वर्ष, यानी 365 दिन निरंतर जारी रहना चाहिए। महात्मा गांधी कहते थे कि स्वच्छता का मतलब स्वतंत्रता है। हम कहते हैं कि स्वच्छता ही सेवा है। यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के लिए पहल करे तो देश में क्रांति आ जाएगी। महाराष्ट्र देश का पहला राज्य है जिसने स्वच्छता के महत्व को समझाया है।

शिंदे ने बताया कि नगर विकास विभाग ने लगभग 19,940 ऐसे स्थानों की पहचान की है जहां ठोस कचरा डाला जाता है। इनके स्वच्छता लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। राज्य भर में स्वच्छता पर 6,317 जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे और स्वच्छ हरित महोत्सव भी मनाया जाएगा। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत प्रभातफेरी, स्वच्छता कार्यकर्ता सम्मान, बुनियादी सुविधाओं का लोकार्पण, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली निकाय संस्थाओं व लोगों का सम्मान किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के साथ बीएमसी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया है। एक लाख से ज़्यादा पेड़ लगाए गए हैं। पार्क के लिए महालक्ष्मी रेसकोर्स की जगह ली गई है। मुंबई कोस्टल रोड और महालक्ष्मी रेसकोर्स मैदान सहित लगभग 300 एकड़ ज़मीन पर ‘मुंबई सेंट्रल पार्क’ का काम जल्द ही शुरू होगा। विश्वस्तरीय सेंट्रल पार्क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है। सड़कों को गड्ढों से मुक्त करने के लिए सड़कों का कंक्रीटीकरण किया जा रहा है। अगले डेढ़ से दो वर्षों में मुंबई की सभी सड़कों का कंक्रीटीकरण पूरा करने का लक्ष्य है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top