Delhi

छात्रों ने लिया यातायात नियमों के पालन का संकल्प

दिल्ली नगर निगम के विद्यार्थी

नई दिल्ली, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के शिक्षा विभाग ने सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाने के लिए गुरुवार को एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में दिल्ली के 1500 से अधिक निगम विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अभियान के अंतर्गत छात्रों को अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया। सुबह की सभा में विशेष वार्तालाप और जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही प्राथमिक कक्षाओं के लिए विशेष वीडियो तैयार कर दिखाया गया, जिसमें चित्रों और कहानियों के द्वारा बच्चों को सड़क पर सुरक्षित चलने के नियम बताए गए।

दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में सुरक्षित यातायात व्यवहार की आदत डालना और जिम्मेदार नागरिक बनाने की ओर कदम बढ़ाना है और आगामी माह में प्रत्येक बुधवार को निगम के सभी विद्यालयों में सड़क-सुरक्षा जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां कारवाई जाएंगी।

महापौर ने कहा कि छोटे बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं। उन्हें जिस प्रकार हम ढालेंगे वे उसी प्रकार ढल जाएंगे। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में यातायात नियमों की जानकारी उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यही छोटी- छोटी अच्छी आदतें आगे चलकर उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने में सहायक सिद्ध होंगी।

दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यातायात नियमों की जानकारी प्रदान करने हेतु आयोजित कार्यक्रम में छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग, सड़क सुरक्षा संकेतों की ड्राइंग और रंग भरने की गतिविधियों आदि में सक्रिय भागीदारी की। इसके साथ ही गीतों और नारों के जरिए यातायात नियमों का महत्व दोहराया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top