Haryana

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया पानीपत भाजपा के जिला कार्यालय का उद्घाटन

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी पानीपत में पानीपत-जींद और पानीपत-अंबाला रेलवे लाइन पर उपरगामी पुलों का शिलान्यास करते हुए। साथ में हैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल कौशिक व पूर्व सांसद श्री संजय भाटिया।
पानीपत में भाजपा कार्यालय श्याम कमल का उद्घाटन करते मुख्य मंत्री नायब सिंह सैनी

पानीपत, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पानीपत में भाजपा के जिला कार्यालय श्याम कमल के उद्घाटन के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहा कि भाजपा के कार्यालय का नाम श्याम कमल अपने आप में बहुत बड़ा संदेश देता है। कमल केवल भाजपा का चुनाव चिन्ह नहीं है, यह हमारी संस्कृति, आध्यात्मिकता और जीवन मूल्यों का प्रतीक है। यह नाम भारतीय जनता पार्टी के विचार और मूल्यों से प्रेरित है,जिसमें पवित्रता, विकास और राष्ट्रीयता समाहित है।

उन्होंने कहा कि पानीपत में श्याम कमल कार्यालय के उद्घाटन का होना खुशी और गर्व की बात है। यह कार्यकर्ताओं के आत्मबल, कर्मठता और राष्ट्र सेवा के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने श्याम कमल कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर नवरात्रों के पावन दिनों की भी बधाई दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पानीपत की पावन धरती हमेशा गौरवशाली इतिहास की रही है। यहां की मिट्टी में बलिदान की गंध है। यह धरती भारत की संस्कृति और राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा की साक्षी रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का श्याम कमल कार्यालय इसी पावन भूमि पर स्थापित किया गया है। अब तक हरियाणा के 21 जिलों में भाजपा के जिला कार्यालय बनाए गए हैं और केवल महेंद्रगढ़ जिला ऐसा शेष बचा है। वहां भी भाजपा का कार्यालय जल्द बनाकर तैयार हो जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कार्यक्रम में 70 करोड़ 42 लाख से बनने वाले और पुराने औद्योगिक क्षेत्र को जीटी रोड से जोड़ने वाले रेलवे ओवर ब्रिज और 18 करोड़ 95 लाख से बनने वाले फायर स्टेशन केंद्र का शिलान्यास भी किया। उन्होंने पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर गौर करते हुए पानीपत में ऑटो मार्केट बनाने, नाइट शेल्टर का निर्माण, नगर निगम के कर्मचारियों के रहने की जगह और पानीपत में स्लाटर हाउस के साथ-साथ भूमि उपलब्धता होने पर इनके निर्माण करवाने की घोषणा की। उन्होंने भगवत गीता चौक के लिए 50 लाख रुपए और पालिका बाजार पुनर्निर्माण के लिए 40 करोड रुपए भी देने की घोषणा की। उन्होंने पानीपत में अपराधों की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने लगवाने की भी घोषणा की।

केंद्रीय ऊर्जा, एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल ने बोलते हुए अपने संबोधन में कहा कि पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए जिला कार्यालय बनाए जा रहे हैं और लगभग सभी जगह प्लॉट ले लिए गए हैं। उन्होंने इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं भी दीं।

इस मौके पर पूर्व सांसद संजय भाटिया, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता, भाजपा के जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट इत्यादि सहित भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थि तरहे।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा

Most Popular

To Top