
-महानगर के सभी 1216 बूथ पर मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती
प्रयागराज, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 109वीं जन्म जयंती का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पार्क पर स्वच्छता अभियान चलाकर किया। इस दाैरान उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि राष्ट्रवाद के विचारों के व्यक्तित्व थे। उन्होंने राष्ट्रीय जनसंघ स्थापना के समय ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेकर राष्ट्रवाद की विचारधारा और एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांत को आगे बढ़ाया।
उन्होंने आगे कहा कि वास्तव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्मवाद एवं विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के विचारों के प्रणेता है और उन्हीं के आदर्शों पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डबल इंजन की सरकार अंत्योदय सिद्धांत को लागू करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं। कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सेवा ही संगठन का संकल्प लेकर जमीन पर उतरकर संगठनात्मक कार्य करते हुए सेवा कार्य करें और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, पूर्व उप महापौर मुरारी लाल अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष शशि वाष्र्णेय, राजेंद्र मिश्रा, राधे कृष्ण उपाध्याय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर दर्शन डाला।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि महानगर के सभी 1216 बूथों पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जन्म जयंती मनाई गई। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया और सभी बूथों पर एक पेड़ मां के नाम से वृक्षारोपण किया गया। महानगर एवं मंडल स्तर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संगोष्ठी का आयोजन मंडल एवं बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अजय आनंद एवं संचालन विक्रम सिंह भदौरिया ने किया। इस अवसर पर कुंज बिहारी मिश्रा, राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, डॉक्टर एलएस ओझा, पार्षद सुनीता चोपड़ा, आशीष द्विवेदी, भोला तिवारी, चंद्रा अहलुवलिया, पवन श्रीवास्तव, राजेश केसरवानी, विवेक मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, सुबोध सिंह, पतविंदर सिंह, नवाब खान, अरुण सिंह, बृजेश श्रीवास्तव, लोकेश मुखर्जी, अनिल भट्ट, कमलेश, मनोज, अनिल गोस्वामी, विवेक यादव, यशस्वी शुक्ला, आशुतोष पांडे, अंकित साहू, शांतनु घोष, राम गोपाल शुक्ला, आशीष गुप्ता, अमन शर्मा आदि सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
