Uttar Pradesh

मिशन शक्ति 5.0 : मंच से लेकर नेतृत्व तक नारी शक्ति ने संभाली कमान

मिशन शक्ति का आगाज

उरई, 25 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत गुरुवार को भव्य कार्यक्रम हुआ। इस अवसर की सबसे खास झलक यह रही कि मंच संचालन से लेकर मंच पर विराजमान अतिथियों तक हर जगह नारी शक्ति की ही गूंज रही।

इस कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आज की प्रतीकात्मक जिलाधिकारी की भूमिका हेतु बबली देवी को तथा प्रतीकात्मक पुलिस अधीक्षक की भूमिका सीमा को सौंपी गई। दोनों ने आत्मविश्वास से भरे सम्बोधन के माध्यम से उपस्थित छात्राओं और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

एक दिन की जिलाधिकारी बबली देवी ने कहा “आज का दिन मेरे लिए गौरव का है। मिशन शक्ति ने हमें यह विश्वास दिया है कि महिलाएँ केवल घर तक सीमित नहीं, बल्कि वे प्रशासन व नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभा सकती हैं। बेटियाँ अब किसी से कम नहीं, वे चाहें तो हर मुकाम हासिल कर सकती हैं।”

आज की पुलिस अधीक्षक सीमा ने कहा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च है। पुलिस सदैव बेटियों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 हर महिला का सुरक्षा कवच है।”

इस मौके पर सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, एमएलसी रमा निरंजन ने भी सम्बोधित किया। मिशन शक्ति के उद्देश्य को सही अर्थों में परिभाषित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

यह अनोखी पहल न सिर्फ महिलाओं और बालिकाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली रही, बल्कि समाज को यह सशक्त संदेश भी दिया कि नारी शक्ति ही सशक्त भारत की पहचान है।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल कुमार वर्मा

Most Popular

To Top