Maharashtra

कांदिवली में भीषण आग, 7 घायल

मुंबई, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कांदिवली पूर्व के अकुर्ली इलाके में बुधवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में 7 लोग गंभार घायल हो गए। इसमें एक पुरुष सहित 6 महिलाओं का समावेश है। सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार राम मिस्त्री चाल के एक कैटरिंग के दुकान में आग लगी। एक कर्मचारी ने गैस को चालू किया उसके कुछ समय बाद ही वहां एक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि दुकान के सामने खड़ा एक स्कूटर भी जल गया। आग की चपेट में आने से 7 लोग घायल हो गए। घायलों के नाम शिवानी गांधी (51), रक्षा जोशी (47), नीतू गुप्ता (31), मानाराम कुमाकट (55), दुर्गा गुप्ता (30), पूनम (28) और जानकी गुप्ता (37) बताए जा रहे हैं। घायल शिवानी गांधी चाल में किराए के दुकान में खाना बनाने का व्यवसाय करती हैं। कैटरिंग के दुकान में लगी आग के समय शिवानी के अलावा 6 कर्मचारी मौजूद थे। सभी आग की चपेट में आ गए। मनपा के एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि दुकान के पास फायर एनओसी नही थी। मामले की जांच जारी है।

कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने से करीब 15 मिनट पहले से गैस रिसाव की दुर्गंध आ रही थी। रिसाव के चलते अचानक आग लग गई। स्थानीय जनता अग्निशमन दल के आने से पहले आग बुझाने सफल रही। आग में बुरी तरह झुलसे शिवानी, नीतू, जानकी और मनाराम को नजदीकी अस्पताल ईएसआईसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ऐरोली अस्पताल में रेफर कर दिया गया। दो मरीजों का इलाज बोरीवली के एयूएम अस्पताल और एक मरीज का इलाज कस्तूरबा में किया जा रहा है। घटना से चंद मिनट पहले दो कर्मचारी राहुल व प्रमिला वड़ा लेने गये थे। इससे वे बच गए। डॉक्टरों का कहना है कि सभी मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है। रक्षा जोशी, दुर्गा गुप्ता व पूनम 90 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top