
कोलकाता, 24 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । राजधानी कोलकाता में भारी बारिश और जलजमाव के बीच करंट से 11 लोगों की मौत के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आचरण को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला है। प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय शिक्षा व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम की घोर लापरवाही से निर्दोष लोगों की जान गई, लेकिन मुख्यमंत्री ने न तो जनता से माफी मांगी और न ही शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बजाय अगले ही दिन वह हंसते हुए डांडिया खेल में शामिल हो गईं।
डॉ. मजूमदार ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार की अयोग्यता, भ्रष्टाचार और उदासीनता ने कई परिवारों से उनके अपनों को छीन लिया। उन्होंने कहा कि “जिनकी जान गई, उनके भी परिवार थे, जो इन पावन दिनों में अपने परिजनों के साथ खुशियां मना सकते थे। लेकिन तृणमूल सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार ने उनकी जिंदगी छीन ली।”
इसी मुद्दे पर भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने बुधवार शाम सोशल मीडिया पर लिखा कि “कोलकाता में 24 घंटे के भीतर 11 लोग करंट लगने से मारे गए और शहर डूबा रहा। इसके बावजूद ममता बनर्जी भवानिपुर के चक्रबेड़िया में दुर्गापूजा उद्घाटन के दौरान डांडिया खेल में व्यस्त रहीं। इससे अधिक असंवेदनशीलता और क्या हो सकती है?”
भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस दुखद हादसे के बाद भी उत्सव और कार्यक्रमों में व्यस्त रहीं, जबकि राज्य की जनता प्रशासन से जवाब चाह रही है। ———————-
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
