
मीरजापुर, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । शारदीय नवरात्र के तीसरे दिन बुधवार को नाविकों की परेशानियों को सुनने के बाद नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने उनकी समस्या को गंभीरता से लिया। गंगा नदी में जलस्तर वृद्धि के कारण नवरात्र के दौरान जिला प्रशासन ने नाव संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। इससे नाविकों की रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया था।
नाविकों ने विधायक से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया। इस पर विधायक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और नगर मजिस्ट्रेट विनीत कुमार उपाध्याय से बातचीत की। चर्चा के बाद नाव संचालन को सीमित दायरे में अनुमति दी गई।
एडिशनल एसपी नगर ने बताया कि नाविक अब गंगा में अधिकतम 10 मीटर की दूरी तक नाव चला सकेंगे। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी नाबालिग नाव संचालन नहीं करेगा। वयस्क नाविक यात्रियों को केवल किनारों पर ही सैर कराएंगे, नदी के उस पार ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही सभी नाविकों और यात्रियों को सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य होगा।
—————
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा
