Uttar Pradesh

जीएसटी दरों में कमी ऐतिहासिक निर्णय, आम उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ : रोहित अग्रवाल

रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राेहित अग्रवाल  प्रेस कांफ्रेंस करते हुए

रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने जीएसटी रिफॉर्म को लेकर दी जानकारी, व्यापारियों से मिलकर किया संवाद

लखनऊ, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । केंद्र की एनडीए सरकार के हाल ही में लिए गए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कमी ऐतिहासिक निर्णय है। यह साहसिक कदम न केवल देश के लाखों व्यापारियों के लिए राहत लेकर आया है बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी व्यापक लाभ प्रदान करेगा। केंद्र सरकार के इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं। यह बातें राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कही। वे राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालया में बुधवार को जीएसटी रिफॉर्म को लेकर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।

रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा कि जीएसटी दरों में कमी से देश की संपूर्ण अर्थव्यवस्था में नए उत्साह और गतिशीलता का संचार होगा। इस निर्णय का लाभ केवल एक या दो क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों, ऑटोमोबाइल और वाहन उद्योग, खाद्य एवं उपभोक्ता वस्तुओं, शिक्षा सेवाओं, रियल एस्टेट, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन तथा छोटे व्यापार जैसे लगभग हर सेक्टर को प्रत्यक्ष रूप से मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक और मोबाइल उपकरणों पर जीएसटी में कमी आने से इनकी कीमतों में कमी होगी, जिससे आम उपभोक्ता आधुनिक तकनीक का अधिक लाभ उठा सकेंगे। वाहन उद्योग को राहत मिलने से दोपहिया, चाैपहिया और वाणिज्यिक वाहन सस्ते होंगे, जिससे आम आदमी की खरीद क्षमता बढ़ेगी और ऑटोमोबाइल बाजार में नई जान आएगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम सरकार की व्यापारी एवं उपभोक्ता हितैषी सोच का परिचायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केंद्र सरकार व्यापारियों और उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दों पर इसी प्रकार संवेदनशीलता और दूरदर्शिता के साथ निर्णय लेती रहेगी।

बाजारों को भ्रमण कर व्यापारियों से किया संवाद

जीएसटी रिफॉर्म लागू होने पर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे के नेतृत्व में व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल एवं पार्टी के अन्य नेताओं ने हजरतगंज बाजार में एक पदयात्रा की। इस दौरान व्यापारियों के बीच जाकर जीएसटी कम होने के फायदे बताए गए। एनडीए सरकार के धन्यवाद के स्टिकर दुकानों पर लगाए गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया गया। साथ ही व्यापारियों से संवाद कर उनकी राय और सुझाव भी लिए गए।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी का लाभ सीधे-सीधे प्रदेश के करोड़ों उपभोक्ताओं और लाखों व्यापारियों को मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक से लेकर खाद्य, शिक्षा और वाहन क्षेत्र तक इस निर्णय का असर दिखेगा। यह कदम न केवल बाजार को मजबूती देगा बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तेजी, स्थायित्व और नए रोजगार अवसर भी लाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रामावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव नम्रता शुक्ला, प्रदेश सचिव अफसर अली, प्रमोद शुक्ला, तराई क्षेत्र के अध्यक्ष पीके पाठक, टी. पी. सिंह आदि लोग मौजूद थे।

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top