
झाबुआ, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम चैनपुरी में तालाब में डूबने से भाई बहन की मृत्यु हो गई। मृतक भाई बहन द्वारा अपने साथ ले जाए गए कपड़ों से उनकी मृत्यु के बारे में पता चला। एक अन्य घटना में थांदला थाना क्षेत्र के ही ग्राम छायन निवासी एक किशोर की मृत्यु कुएं में डूबने से हो गई। क्षेत्र में हुई अधिक बरसात से कुआं ऊपर तक भरा गया था और मृतक के परिजनों के अनुसार संभवतः वह पानी पीने के लिए गया था, जहां पैर फिसलने से वह कुएं मे गिर गया। थांदला पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर उक्त प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी अनुसार थांदला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम चैनपुरी में रहने वाले भाई बहन मंगलवार शाम को घर पर किसी को बताए बगैर तालाब पर नहाने चले गए थे, जहां नहाते समय डूब जाने से उनकी मृत्यु हो गई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों भाई-बहन शाम से ही गायब थे, और उन्हें तब से ही खोजा जा रहा था। बुधवार को तालाब किनारे पड़े उन कपड़ों से मृतक बच्चों के बारे में जानकारी मिली, जो कपड़े वो अपने साथ ले गए थे।
थाना प्रभारी थांदला, निरीक्षक अशोक कनेश ने बुधवार को बताया कि इस थाना क्षेत्र में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। तालाब में डूबने से मृत हुए भाई बहन की पहचान तारा पुत्री सुनील कतिजा उम्र 10 साल और आयुष पुत्र सुनील कतीजा उम्र 7 साल, दोनों निवासी ग्राम चैनपुरी के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य घटना में विनोद पुत्र प्रेम सिंह डामोर उम्र 14 साल निवासी ग्राम छायन की कुएं में डूबने के कारण मंगलवार को मृत्यु हो गई। क्षेत्र में हुई अधिक बरसात से कुआं ऊपर तक भरा हुआ था। मृतक के परिजनों के अनुसार संभवतः वह पानी पीने के लिए गया था और पैर फिसलने से कुएं में गिर गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक किशोर के घर वाले पीएम नहीं करने की बात पर अड़े हुए थे, ऐसे में पुलिस द्वारा बड़ी मुश्किल से कन्वेंस कर उन्हें पीएम के लिए राजी किया गया। टीआई ने कहा कि मृतक की बॉडी मर्चुरी में रखवाई गई और आज बुधवार उसका पीएम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा। थांदला पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा
