Uttrakhand

सरोवरनगरी में रामलीला की धूम, कुमाऊं विश्वविद्यालय में भी हुआ मंचन

कुमाऊं विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में मंचित रामलीला में विभिन्न पात्रों के रूप में विद्यार्थी।

नैनीताल, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कुमाऊं मंडल के मुख्यालय नैनीताल में शारदीय नवरात्र के दौरान परंपरागत तौर पर तल्लीताल, मल्लीताल, सूखाताल व सात नंबर क्षेत्रों में रामलीला का मंचन बेहद धार्मिक हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है।

अब तक श्रीराम जन्म के बाद भगवान राम के द्वारा महर्षि विश्वामित्र के साथ वन में जाकर ताड़िका का वध एवं अहिल्या उद्धार करते हुए जनकपुरी पहुंचने और वहां धनुष यज्ञ के उपरांत माता सीता से विवाह करने के दृश्यों का मंचन दो दिनों में किया जा चुका है।

वहीं कुमाऊं विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग में आईटीईपी कार्यक्रम के विद्यार्थियों ने नयी पहल करते हुए बुधवार को रामलीला का मंचन किया। दीप प्रज्वलन से आरंभ हुए कार्यक्रम में छात्रों ने पारंपरिक वेशभूषा और संवादों के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्श जीवन को जीवंत किया।

प्रो. आशीष तिवारी बने वानिकी विभाग के अध्यक्ष

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित वानिकी विज्ञान विभाग में प्रो. आशीष तिवारी को 3 वर्ष के लिये विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रो. जीत राम का तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के बाद चक्रानुक्रम से की गई है। प्रो. तिवारी के पारिस्थितिकी तंत्र और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में 100 शोधपत्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में एवं 3 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और 12 शोधार्थी उनके निर्देशन में पीएचडी कर चुके हैं। वह रॉयल सोसाइटी लंदन और लिनियन सोसाइटी लंदन के फैलो भी हैं। कूटा की ओर से अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी, प्रो. अमित जोशी, डॉ. नवीन पांडे, डॉ. श्रुति साह, डॉ. नीता आर्य, डॉ. नंदन मेहरा, दीपा, वसुंधरा, दिशा, विशाल और नीलम सहित अन्य सदस्यों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और घिंघारू का पौधा भेंटकर सम्मानित किया।

(Udaipur Kiran) / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Most Popular

To Top