
उज्जैन, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नवरात्रि पर्व पर इस बार शहर एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है। शहर में पहली बार आगामी 28 सितंबर, रविवार को 121 स्थानों पर एक ही समय पर 25 हजार कन्याओं का पूजन किया जाएगा। इस महा आयोजन में 5 हजार वालेंटियर सेवा देंगे। वहीं प्रदेश के 30 विधायक, 10 सांसद और 5 मंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहने के लिए आमंत्रित किया गया है।
लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव महाआयोजन समिति के तत्वावधान में होने वाले इस नवरात्रि कन्या पूजन महोत्सव की तैयारी बीते छ: माह से जारी है। समिति संयोजक और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के नेतृत्व में 5 हजार से अधिक वॉलंटियर इस आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के लिए 13 वर्ष तक की कन्याओं का पंजीयन 15 अप्रैल से 30 जुलाई तक किया गया। अब चयनित कन्याओं को प्रवेशिका और आमंत्रण पत्र भेंट किए जा रहे हैं। यह आयोजन 28 सितंबर की प्रात: 9.30 से 11.30 बजे तक होगा। श्री कालूहेडा ने बताया कि आयोजन के लिए धर्मशालएं, सार्वजनिक भवन और विभिन्न परिसर तय किए गए हैं।
नारी शक्ति के प्रति सम्मान
श्री कालूहेड़ा ने बताया कि नवरात्रि कन्या पूजन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति के प्रति सम्मान और सनातन संस्कृति के ज्ञान बोध से युवा पीढ़ी को जोडऩा है। कन्या पूजन को हिंदू धर्म में पवित्र अनुष्ठान माना गया है। इसमें कन्याओं को देवी दुर्गा के नौ रूपों का प्रतिनिधि मानकर पूजा जाता है। कन्या पूजन में विचारक, संत, जन प्रतिनिधि और खिलाडिय़ों को भी शामिल किया गया हैं।
गणमान्य नागरिक संभालेंगे व्यवस्थाएं
उन्होने बताया कि इस आयोजन में हर स्थान पर करीब 500 कन्याओं का पूजन होगा। आयोजन स्थल पर टेंट, मंच, माइक और सभी प्रकार की व्यवस्थाओं के साथ पूजन और भोज दिया जाएगा। इसके लिए वार्ड और क्षेत्र के ही गणमान्य नागरिकों को व्यवस्थाएं सौपी जाएगी। इस आयोजन में शहरवासी सभी तरह का सहयोग कर रहे हैं।
11 वर्षों से बना रहे कीर्तिमान
उन्होने बताया कि लोकमान्य तिलक महाआयोजन समिति पिछले 11 वर्षों से श्री गणेश महाउत्सव मना रही है। संस्था ने दो रिकॉर्ड भी बनाए हैं,जिनमें एक ही पांडाल में एक साथ 5 हजार से अधिक मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं बनाकर घर ले जाना और दूसरा 310 सार्वजनिक पांडालों में एक जैसी मिट्टी से निर्मित प्रतिमाएं स्थापित करना है। इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी एक स्थान पर 5 हजार से अधिक प्रतिमाएं निर्मित की गईं। अब समिति नवरात्रि कन्या पूजन का आयोजन कर रही है। इस अवसर पर नगर जिला महामंत्री जगदीश पांचाल और मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा भी मंचासीन थे।
—————
(Udaipur Kiran) / ललित ज्वेल
