Uttar Pradesh

मिशन शक्ति आधी आबादी को स्वावलंबी बनाने का सशक्त माध्यम : डीआईजी कानपुर

फोटो

मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं को मिला सम्मान

औरैया, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 अभियान नवरात्रि के पावन अवसर पर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चंदर ने की।

डीआईजी ने महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में लगभग 40 हजार महिला कर्मी पुलिस विभाग में तैनात हैं, जो देश में सबसे अधिक है। उन्होंने मिशन शक्ति को सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्सव बताया, जो महिलाओं व बालिकाओं को योजनाओं से जोड़कर उन्हें स्वावलंबन की ओर अग्रसर करता है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि औरैया की महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। चाहे वह पुलिस हो, स्वास्थ्य विभाग हो या लेखपाल की जिम्मेदारी, महिलाएं अपने दायित्वों का बेहतरीन निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह, बैंक सखी और जल सखी जैसे माध्यमों से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने महिला खिलाड़ियों को खेलकूद प्रोत्साहन मद से किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर थाने में महिला हेल्प डेस्क बनाई गई है। साथ ही टोल फ्री नंबर 1090 पर महिलाएं निसंकोच अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की महिला कर्मियों, आशा बहुओं और स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं और महिला शक्ति ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बच्चियों का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप मौर्य, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सहित भारी संख्या में महिलाएं व छात्राएं मौजूद रहीं।

—————

(Udaipur Kiran) कुमार

Most Popular

To Top