HimachalPradesh

कंवर चिराग भानु सिंह संभालेंगे जिला एवं सत्र न्यायधीश कांगड़ा का कार्यभार

कंवर चिराग भानु।

धर्मशाला, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी चिराग भानु सिंह को जिला एवं सत्र न्यायाधीश कांगड़ा लगाया गया है। प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा बीते दिनों किये गए तबादलों में उन्हें जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर से जिला एवं सत्र न्यायाधीश कांगड़ा स्थित धर्मशाला नियुक्त किया गया है। चिराग भानु सिंह जल्द ही धर्मशाला में कार्यभार संभालेंगे।

गौरतलब है कि चिराग भानु सिंह ने वल्लभ पीजी कॉलेज मंडी से स्नातक और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से कानून की पढ़ाई की है। वर्ष 1994 में वह उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन शिमला के सदस्य बने और सिविल, क्रिमिनल, संवैधानिक तथा सेवा संबंधी मामलों में वकालत की। 2003 में हिमाचल प्रदेश सरकार के उप महाधिवक्ता नियुक्त हुए। वह बार काउंसिल ऑफ हिमाचल प्रदेश के सदस्य भी रहे। वर्ष 2007 में उन्हें अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद उन्होंने सोलन, ऊना, चंबा और बिलासपुर में सेवाएं दीं। वह औद्योगिक न्यायाधिकरण सह श्रम न्यायालय के न्यायाधीश भी रहे और यहां अपने कार्यकाल में मात्र दो वर्षों में 1500 से अधिक मामलों का निपटारा कर रिकॉर्ड कायम किया।

चिराग भानु सिंह 2009 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत के न्यायिक प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए जिसका नेतृत्व तत्कालीन भारत के मुख्य न्यायाधीश ने किया था। वह हिमाचल प्रदेश सरकार के विधि सचिव व कानूनी सलाहकार, लोकायुक्त के प्रधान सचिव तथा उच्चतम न्यायालय में रजिस्ट्रार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। हाल ही में वह श्रम न्यायालय सह औद्योगिक न्यायाधिकरण शिमला में प्रेसीडिंग ऑफिसर पद पर कार्यरत थे और वहां से उन्हें विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) सुप्रीम कोर्ट के पद पर प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था। अब उच्च न्यायालय के ताजा आदेशों के तहत वह धर्मशाला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश का कार्यभार संभालेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top