Haryana

मुख्यमंत्री ने सिख म्यूजियम और गुरु रविदास म्यूजियम के निर्माण को लेकर की बैठक

चंडीगढ़, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश देते हुए कहा कि गुरुओं की विरासत को संरक्षित करने तथा उनके जीवन दर्शन एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख म्यूजियम तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास म्यूजियम की डीपीआर जल्द तैयार की जाए। इन दोनों म्यूजियम से सम्बंधित कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण किया जाना भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि आने वाली पीढिय़ां गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर देश व समाज को अपना योगदान दे सकें।

मुख्यमंत्री सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र में बनने वाले सिख म्यूजियम व गुरु रविदास म्यूजियम को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि इन दोनों म्यूजियम की डीपीआर फाइनल करने के समय सोलर पैनल लगाने को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि गुरुओं की याद और शिक्षा को संजोए रखने के लिए कुरुक्षेत्र में 3 एकड़ भूमि पर सिख म्यूजियम का निर्माण किया जाएगा, जो युवाओं को गुरुओं की शिक्षाओं पर चलते हुए आगे लेकर जाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में सिख म्यूजियम का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि वह सिख इतिहास, संस्कृति और गुरुओं के योगदान की सम्पूर्ण झलक प्रस्तुत करे। म्यूजियम में सिख गुरुओं द्वारा धर्म की रक्षा, न्याय और मानवीय मूल्यों की स्थापना हेतु ऐतिहासिक लड़ाइयों को भी यथार्थ रूप में दर्शाया जाए, ताकि बलिदान और संघर्ष की वह गाथा सदियों तक प्रेरणास्रोत बनी रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख म्यूजियम के लिए तीन एकड़ तथा गुरु रविदास म्यूजियम के लिए पांच एकड़ भूमि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा चुकी है। अब इन परियोजनाओं के निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता दी जाए।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top