
नई दिल्ली, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को विभिन्न रामलीला आयोजनों में सम्मिलित होकर भगवान श्रीराम की आराधना की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामलीला उत्सव न केवल आस्था और भक्ति का प्रतीक है, बल्कि समाज को एकजुट कर सांस्कृतिक धरोहर को भी सुदृढ़ करता है।
विजेंद्र गुप्ता ने लाल किला मैदान में आयोजित नव श्री धार्मिक लीला में गणेश वंदना में की। परेड ग्राउंड में श्री धार्मिक लीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के उद्घाटन समारोह में भाग लिया और इसे भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का सजीव चित्रण बताया। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल एक मंचन नहीं, बल्कि यह हमें जीवन के सच्चे उद्देश्य की याद दिलाती है कि हमें सदैव सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलना चाहिए।
दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में श्री राम धार्मिक रामलीला समिति तथा चिराग दिल्ली में श्री धार्मिक रामलीला द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव का भी भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि रामलीला महोत्सव हमारी अमूल्य धरोहर से नई पीढ़ी को जोड़ते हुए समाज को आदर्श जीवन की प्रेरणा देता है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे उत्सव न केवल आस्था और भक्ति को प्रगाढ़ करते हैं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक बुनियाद को और मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का सनातन संदेश आज भी मानवता को सत्य, न्याय और सद्भाव की ओर ले जाने वाला मार्गदर्शन प्रदान करता है। रामलीला जैसे पर्व हमें भारत की समृद्ध परंपराओं और शाश्वत मूल्यों की पुनः स्मृति कराते हैं।
इस अवसर पर विधायक सतीश उपाध्याय एवं शिखा राय भी उपस्थित थी।
—————
(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी
