Bihar

राज्य में कानून का राज है, सभी क्षेत्रों में तेजी से हो रहा है विकास: नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री पश्चिम चंपारण में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए

पटना, 23 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पश्चिम चंपारण जिला के बेतिया के गांधी सभागार में आयोजित कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में कहा कि पहले की सरकार ने कोई काम नहीं किया। पहले बिहार का बहुत बुरा हाल था। जब 24 नवंबर, 2005 को राजग की सरकार बनी थी, तब से हम लोग बिहार के विकास में लगे हुये हैं। राज्य में कानून का राज है। सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपको याद होगा कि पश्चिम चम्पारण का पहले क्या हाल था। वर्ष 2005 से पूर्व यहां बड़े पैमाने पर अपराध होते थे और झगड़ा झंझट होता था। पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया। अब बिहार में कानून का राज है और हमलोगों ने यहां विकास के सभी काम करा दिये हैं। यहां इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। बेतिया में मेडिकल कॉलेज एवं 500 बेड के अस्पताल की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की भी स्थापना की गयी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेतिया में 2 हजार क्षमता के चम्पारण सभागार का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही पश्चिम चम्पारण जिले में अनेक पथों एवं पुलों का निर्माण कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंडक नदी पर बेतिया गोपालगंज तथा घनहा-रतबल पुलों का निर्माण कराया गया है। बेतिया से बगहा तथा बेतिया से लौरिया तक सड़कों का निर्माण कराया गया है। वाल्मीकिनगर में ईको टूरिज्म का विकास कराया गया है। यहाँ पर 3 चीजें पहाड़, नदी एवं जंगल मौजूद है इसलिए बड़ी संख्या में लोग यहाँ आते हैं। हम भी यहां हर साल आते रहे हैं। वाल्मीकिनगर में सभागार एवं गेस्ट हाऊस का निर्माण कराया गया है। पश्चिम चम्पारण के थरूहट क्षेत्र का विकास कराया गया है।

नीतीश ने कहा क बेतिया के स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। बेतिया शहर में बाईपास निर्माण तुरंत कराया जा रहा है। बेतिया जिले में औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है। मदनपुर से उत्तरप्रदेश के पनियहवा तक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इनरवा से वाल्मीकिनगर तक दोन कैनाल पर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। वाल्मीकिनगर में लव-कुश पार्क का निर्माण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेतिया विधान सभा क्षेत्र में कई काम कराए गए हैं। यहां स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की गयी है तथा पथों का निर्माण कराया गया है। आप सभी जानते हैं कि अब लगभग सभी को मुफ्त बिजली दी जा रही है। सभी को अधिक से अधिक बिजली मिले इसके लिए 1 विद्युत ग्रिड उपकेन्द्र तथा 2 विद्युत उपकेन्द्र का निर्माण कराया गया है। किसानों को सिंचाई के लिए 2 कृषि फीडर का निर्माण कराया गया है। इस विधानसभा में सिंचाई हेतु पूर्वी गंडक नहर का जीर्णोद्धार कराया गया है। साथ ही सिकरहना दायां तटबंध का निर्माण कराया जा रहा है। पहले की सरकार ने कुछ काम नहीं किया। जब से हमारी सरकार बनी है तब से कानून का राज है। कोई झगड़ा-झंझट नहीं होता है। सभी विकास कार्यों को तेजी से किया जा रहा है। आगे और ज्यादा काम किया जाएगा। जहां जो भी कमी रहेगी उसे पूरा किया जाएगा। देश की प्रगति में बिहार अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।

—————

(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी

Most Popular

To Top