West Bengal

कोलकाता में रातभर की बारिश ने तोड़ा कई दशक का रिकॉर्ड, शहर जलमग्न

कोलकाता, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । रातभर हुई मूसलधार बारिश ने कोलकाता को थमाकर रख दिया। 23 सितंबर की सुबह, बारिश के आंकड़ों के आधार पर, शहर ने कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, 22 सितंबर की रात से लेकर 23 सितंबर की सुबह तक हुई बारिश ने सितंबर महीने में रिकॉर्ड बना दिया।

सातवें दशक से यदि आंकड़े देखें, तो सितंबर में एक रात में सबसे अधिक बारिश की सूची में यह तीसरे स्थान पर है। 1978 में 28 सितंबर को 24 घंटे में 369.6 मिमी बारिश हुई थी, उसके बाद 1986 में 26 सितंबर को 269.5 मिमी। इस बार 24 घंटे में 251.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। जानकारी के अनुसार, 2007 के बाद से कोलकाता में एक दिन में इतनी बारिश नहीं हुई थी। उस समय 25 सितंबर को 174.4 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। इस बार की बारिश ने ऑल टाइम रिकॉर्ड की सूची में भी जगह बनाई है और सभी महीनों के आधार पर 24 घंटे की सबसे अधिक बारिश में छठे स्थान पर पहुंच गई है।

लगातार रातभर हुई बारिश ने दक्षिण कोलकाता और उससे लगे उपनगरों को बुरी तरह प्रभावित किया। बारिश के कारण अब तक विद्युत प्रवाह से सात लोगों की मौत की खबर सामने आई है। कई जगहों पर सड़क पर खड़ी कारें और बाइक आधी डूब गईं। पानी घरों में घुस गया। कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। शहर की सड़कों पर जलजमाव के कारण भारी जाम की स्थिति रही।

कोलकाता के मेयर एवं शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम के इलाके की स्थिति भी बेहद खराब रही। उन्होंने कहा, “लॉकगेट खोलने के बाद भी पानी वापस लौट आ रहा है। कोलकातावासियों को आज घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए, बिजली के झटके से मौत का खतरा बना हुआ है।”

सोनारपुर में रातभर की बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। आधी रात से सुबह तक यहां लगभग 247 मिमी बारिश हुई। नतीजतन सड़कें और घर पानी में डूब गए। पानी निकालने के लिए कई जगहों पर पंप चलाए जा रहे हैं, लेकिन नालों के उफान से स्थिति और बिगड़ रही है। प्रशासन के अनुसार, हालात सामान्य होने में कम से कम 48 घंटे लगेंगे।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश होती रहेगी। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आ

सपास रहेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top