RAJASTHAN

जालसू में बुधवार को होगा पहला ’नारी चौपाल’ कार्यक्रम

बुधवार को जालसू में होगा पहले ’नारी चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन

जयपुर, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार सक्षम जयपुर अभियान एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जिले के प्रत्येक उपखंड पर नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएगा। इसी कड़ी में पहला नारी चौपाल कार्यक्रम 24 सितम्बर को जालसू पंचायत समिति में आयोजित होगा। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने नारी चौपाल के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं एवं आयोजन में अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किये हैं।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मृणाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त एवं जागरूक बनाना है। नारी चौपाल में महिलाओं को सरकार की योजनाओं, अधिकारों और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाएगा।

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि बुधवार को जालसू के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के परिसर में प्रातः 10 बजे से 2 बजे तक नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें नुक्कड़ नाटक, मारवाड़ी गीत, आत्मरक्षा प्रशिक्षण सहित अन्य गतिविधियां आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। वहीं, अतिथियों द्वारा प्रतियोगिताओं की विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नारी चौपाल के माध्यम से समाज में लिंगानुपात सुधार, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने, तथा महिला सशक्तीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया जाएगा। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं, नियमों और अधिनियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि समतामूलक समाज का निर्माण हो सके।

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top