
प्रयागराज, 22 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । उप्र के प्रयागराज जिले में स्थित सोरांव थाना क्षेत्र के बिगहिया गांव के समीप सोमवार भोर में पुरखों का पिंडदान करके लौट रहे कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के गुलौली गांव के चार लोग सड़क हादसे के शिकार हो गए। हादसे में तीन महिलाएं घायल हो गई। वारदात के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को तत्काल स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के गुलौली गांव निवासी सुरेश सैनी 59 वर्ष, सुरेश बाजपेई 60 वर्ष और उनकी पत्नी तारा देवी 59 वर्ष और राम सागर अवस्थी 61 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रेम नारायण पाण्डेय पूरी तरह सुरक्षित बच गए। हादसे में तीन महिलाएं घायल हैं।
घटना के सम्बंध में जानकारी देते हुए मृतक सुरेश बाजपेई के बेटे सागर बाजपेई ने बताया कि बोलेरो से कुल 8 लोग 4 सितम्बर को यहां से गया जाने के लिए निकले थे। लगभग 15 दिन में पुरखों का पूरा तर्पण और पिंडदान का कार्यक्रम सम्पन्न करने के बाद घर के लिए सभी लोग वापस लौट रहे थे। रविवार देर रात कानपुर हाइवे पर बोलेरो खराब हो गई। काफी दूर तक बोलेरो को धक्का लगाकर ले गए। इस वजह से सभी लोग थक गए थे और बोलेरों को हाइवे के किनारे खड़ा कर गाड़ी के आगे सो गए। यह हादसा सोते समय हुआ है। हादसे के बाद से बोलेरो चालक अजय शर्मा मौके से फरार हो गया। पुलिस इस सम्बंध में अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल
