Maharashtra

महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी, प्रशासन सतर्क

-एकनाथ शिंदे ने बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को तुरंत निकालने के निर्देश दिए

मुंबई, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । महाराष्ट्र के कई जिलों में सोमवार को मूसलाधार बारिश का कहर जारी रहा है। इसके फलस्वरुप कई जिलों की नदियां खतरे के निशान को छूने का प्रयास कर रही हैं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर नजऱ बनाए हुए हैं। उन्होंने संबंधित प्रत्येक जिला कलेक्टर से फ़ोन पर बात की और स्थिति की समीक्षा की। साथ ही जिला कलेक्टरों को बाढ़ के पानी में फंसे नागरिकों की तुरंत मदद करने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने के निर्देश दिए हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंत्रालय में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। इसमें एकनाथ शिंदे ने बीड, धाराशिव, लातूर, परभणी और हिंगोली जिलों के जिला कलेक्टरों से फ़ोन पर बात की और प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया। धाराशिव जिले के परंदा तहसील के धागपिंपरी गाँव के नागरिक बाढ़ की स्थिति में फँस गए हैं। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने जिला कलेक्टरों से बात की और तुरंत एनडीआरएफ की मदद से एक हेलीकॉप्टर भेजकर बाढ़ में फँसे लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित जिला कलेक्टरों से भी कहा कि अगर उन्हें किसी भी तरह की मदद की ज़रूरत हो, तो वे तुरंत उनसे संपर्क करें और समय-समय पर उन्हें बाढ़ की स्थिति से अवगत कराते रहें।

आपदा प्रबंधन विभाग के सूत्रों ने बताया कि बीड़ जिले में बाढ से प्रभावित इलाकों में जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य कर रही है। साथ ही जालना, संभाजीनगर, धाराशिव, अहिल्यानगर इलाके मेंबाढ़ के पानी से घिरे लोगों को सुरक्षित स्थलों पर पहुंचाए जाने का काम जारी है।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top