

– भारत के बचत उत्सव आयोजन में उप मुख्यमंत्री ने व्यापारियों व विक्रेताओं से किया संवाद
रीवा, 22 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को रीवा शहर के व्यापारियों व खरीददारों से संवाद कर जीएसटी में छूट से मिलने वाले लाभ के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज देश में बचत उत्सव का शुभारंभ हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी की दरों में कमी की घोषणा की, जिसके कारण 90 प्रतिशत से अधिक चीजें सस्ती हो गई हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा शहर के शिल्पी प्लाजा में दूकानों में पहुंचकर व्यापारियों, आमजनों व खरीददारों से कहा कि नवरात्रि के प्रथम दिन से आपकी जरूरतों की सभी चीजें सस्ती हो गई हैं। जीएसटी में कटौती की प्रधानमंत्री जी की घोषणा के बाद दवाइयाँ, दिन उपयोग की चीजों सहित देश में 375 से ज्यादा वस्तुएँ सस्ती हो गई हैं। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में 99 प्रतिशत वस्तुओं में सिर्फ 5 प्रतिशत टैक्स लगेगा जिससे सभी को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों व खरीददारों से संवाद करते हुए स्वदेशी वस्तुएँ बेंचने व खरीदने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि अपने देश की बनी वस्तुएँ खरीदने से देश का पैसा देश में ही रहेगा और हमें गर्व होगा कि हम अपने देश के बने उत्पाद खरीद रहे हैं। उप मुख्यमंत्री ने दूकानों में बचत उत्सव, हर घर स्वदेशी व घर-घर स्वदेशी के पोस्टर लगाकर लोगों को स्वदेशी वस्तुएँ अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता एवं शिल्पी प्लाजा के व्यवसायी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने किया कन्या पूजन
इससे पहले उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सिंधु भवन में आयोजित कार्यक्रम में कन्या पूजन किया। उन्होंने कहा कि कन्यायें देवी का स्वरूप होती हैं। बेटियों का सम्मान और उनके विकास को बढ़ावा देकर सरकार महिला सशक्तीकरण सहित अन्य कार्य कर रही है। उन्होंने नवरात्रि पर्व पर सभी को शुभकामना देते हुए कहा कि देवी माता हम सबको सुख, समृद्धि, नई ऊर्जा और शक्ति दें। हम सब उल्लास के साथ नवरात्रि मनाते हुए देश के विकास में सहभागी बनें। उप मुख्यमंत्री ने सिंधु यूथ विंग द्वारा आयोजित कन्या पूजन कार्यक्रम की प्रशंसा की। कार्यक्रम में साहित्यकार घनश्याम बेलानी की पुस्तक का विमोचन किया गया। इस दौरान अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय सहित सिंधु समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) तोमर
