
नई दिल्ली, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं रामलीला समिति के चेयरमैन रविंद्र इंद्राज ने दिल्ली वासियों को प्रथम भव्य ‘सनातन संस्कारम रामलीला उत्सव’ में आमंत्रित किया है। यह आयोजन 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रोहिणी सेक्टर-23 के डीडीए रामलीला ग्राउंड में होगा। उन्होंने इस आयोजन का साक्षी बनने के लिए केंद्रीय मंत्रियों, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार के सभी मंत्रियों, विधायकों, सांसदों तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी औपचारिक निमंत्रण भेजकर सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मंत्री इंद्राज ने सोमवार को बताया कि रामलीला की थीम ‘परम्परा से भविष्य की ओर’ है। जो नई पीढ़ी को धर्म, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने और उन्हें उनकी दिव्य विरासत का गौरव अनुभव कराने का भी एक प्रयास है। इस उत्सव का समापन ईको-फ्रेंडली दशहरा के साथ होगा, जो पर्यावरण संरक्षण और हरित दिल्ली का संदेश देगा। सेवा पखवाड़े को केंद्र में रखते हुए नशा मुक्ति और विकसित दिल्ली संकल्प जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश भी पूरे आयोजन में दिए जाएंगे। साथ ही वोकल फॉर लोकल, स्वदेशी उत्पादों, स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित दिल्ली जैसे संदेशों का भी व्यापक प्रसार होगा।
आयोजकों ने कहा कि 150×60 फीट के विशाल मंच पर 100 से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। अत्याधुनिक लाइटिंग, एलईडी स्क्रीन और आधुनिक तकनीकी मंचन के साथ रामकथा का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। पारंपरिक संस्कृति को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का यह एक अद्वितीय प्रयास होगा। 25 सितंबर को राम बारात, महारास रात्रि, श्याम बाबा की शृंगार झांकी का विशेष आयोजन होगा। डांडिया नाईट में सिंगर शिबानी कश्यप भावपूर्ण प्रस्तुति देंगी।
मंत्री इंद्राज ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रथम ‘सनातन संस्कारम रामलीला’ का आयोजन सनातन धर्म की महान परंपराओं, भारत की प्राचीन संस्कृति और भगवान श्रीराम के जीवन आदर्श को जन-जन तक पहुंचाने का सफल प्रयास होगा।
———–
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
