Delhi

पहली बार इतनी बड़ी संख्या में वस्तुओं पर कर घटाया गया : कपिल मिश्रा

भजनपुरा में  सोमवार को धन्यवाद यात्रा  के दौरान दिल्ली सरकार मंत्री कपिल मिश्रा

-भजनपुरा में ‘स्वदेशी अपनाने और विकसित भारत निर्माण’ के संकल्प से जोड़ने के लिए निकाली गई धन्यवाद यात्रा

नई दिल्ली, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । जीएसटी सुधारों के लागू होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘स्वदेशी अपनाने और विकसित भारत निर्माण’ के संकल्प से जोड़ने के लिए सोमवार को भजनपुरा में धन्यवाद यात्रा का आयोजन किया गया। इस धन्यवाद यात्रा में दिल्ली सरकार मंत्री कपिल मिश्रा, विधायक अजय महावर, भाजपा उत्तर-पूर्वी जिला अध्यक्ष यूके चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्षा पूनम चौहान, पार्षद प्रमोद गुप्ता, पार्षद रेखा रानी, मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार मौजूद रहे।

यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि “देश के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में वस्तुओं पर कर घटाए गए हैं। इससे पहले हमेशा टैक्स बढ़ते ही देखे गए थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने सैकड़ों वस्तुओं पर टैक्स कम कर एक ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। यह निर्णय न सिर्फ ऐतिहासिक है बल्कि आने वाले समय में भारत की अर्थव्यवस्था के लिए गेम-चेंजर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि आज नवरात्रि की शुरुआत के दिन यह राहत मिलना देशवासियों के लिए एक बड़ा तोहफा है। आने वाले त्यौहारों – विजयदशमी, दीपावली और छठ पूजा के मौसम में यह कदम अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देगा। भारतीय अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा इन्हीं महीनों की गतिविधियों पर आधारित है और ऐसे समय में इतना बड़ा फैसला ग्लोबल स्तर पर भी भारत की स्थिति को मजबूत करने वाला है।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह केवल कर छूट नहीं है बल्कि आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। हम सबको यह ठानना होगा कि हम ‘खरीदेंगे भी मेड इन इंडिया और बेचेंगे भी मेड इन इंडिया’। यही भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का मार्ग है।

उन्होंने कहा कि सैकड़ों आवश्यक वस्तुएं जिनमें बच्चों की जरूरी चीजें, स्टेशनरी और दैनिक जीवन से जुड़ी वस्तुएं शामिल हैं, अब शून्य कर श्रेणी में आ गई हैं। यह ऐसा ऐतिहासिक निर्णय है जिसने न केवल व्यापारियों को बल्कि ग्राहकों को भी उत्साहित कर दिया है। पूरे देश में उत्साह का माहौल है और यह भारत को एक नई आर्थिक दिशा देगा।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top