HimachalPradesh

श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है कामगार कल्याण बोर्ड : नरदेव सिंह कंवर

पात्र श्रमिकों को देंगे उनके हक, 14 योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित

हमीरपुर, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा है कि बोर्ड प्रदेश के श्रमिकों के कल्याण एवं उत्थान के लिए कृतसंकल्प है और इसके लिए 14 योजनाओं को क्रियान्वित किया जा रहा है। सोमवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय में श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार बोर्ड की सभी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि बोर्ड में पूर्व में पंजीकृत तथा लाखों के लाभ उठा चुके कई लोग अपात्र पाए गए हैं, इसलिए अब ई-केवाईसी और भौतिक सत्यापन के बाद ही सभी पात्र श्रमिकों को लाभान्वित किया जाएगा। किसी भी पात्र श्रमिक का हक किसी अन्य अपात्र एवं साधन संपन्न व्यक्ति को नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में कुछ महीनों के दौरान ही प्रदेश में लगभग 70 हजार श्रमिकों का पंजीकरण किया गया और अप्रैल 2021 से अक्तूबर 2022 तक लगभग 171.61 करोड़ रुपये के वित्तीय लाभ धड़ाधड़ बांटे गए। इससे कई जरुरतमंद एवं पात्र श्रमिकों के हितों पर कुठाराघात हुआ है।

नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि बोर्ड के अधिकारियों की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन के दौरान कई उपमंडलों में बड़ी संख्या में अपात्र लोगों का पता चला है और ऐसे लोगों की प्रतिशतता बहुत ही हैरान करने वाली है। उन्होंने बताया कि गलत हथकंडे अपनाकर वित्तीय लाभ लेने वाले लोगों को दस साल तक की सजा हो सकती है। अब कई अपात्र लोग कार्रवाई के डर से बोर्ड को धनराशि लौटाने के लिए आगे आ रहे हैं। कुछ लोगों ने लगभग 6 लाख रुपये की धनराशि वापस भी कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / विशाल राणा

Most Popular

To Top