Uttrakhand

घर में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, परिवार में मची भगदड़

मगरमच्छ का रेस्क्यू करते हुए वन कर्मी

हरिद्वार, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । जनपद के लक्सर क्षेत्र में मगरमच्छों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। यहां क्षेत्र के खेड़ी कला गांव में रविवार देर रात एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक एक घर में घुस आया। मगरमच्छ को देख सभी सदस्य घर छोड़कर बाहर भागे। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने मगरमच्छ का रेस्क्यू किया।

जानकारी के मुताबिक, 21 सितंबर की देर रात अचानक एक विशालकाय मगरमच्छ खेड़ी कला गांव में एक घर में घुस गया। जिसे देख परिवार के होश फाख्ता हो गए। परिवार के लोग चीखते हुए बाहर की तरफ भागे। मगरमच्छ को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस बीच इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।

सूचना पर वनकर्मी गुरजंट सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित गंगा नदी में छोड़ दिया। गनीमत रही कि मगरमच्छ ने घर में घुसकर किसी पर हमला नहीं किया।

रेंज अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मगरमच्छ घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव में पहुंची और उसे पकड़कर सुरक्षित गंगा नदी में छोड़ दिया गया है। लगातार बारिश के कारण नदी नालों और तालाबों में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ और अन्य जीव आबादी वाले क्षेत्रों में भटक जाते हैं। लोगों से अपील की है कि ऐसे हालात में घबराएं नहीं और तत्काल वन विभाग को सूचित करें।

इससे पूर्व 18 सितंबर की रात को लक्सर की कश्यप कॉलोनी में विशालकाय मगरमच्छ मिला तो वहीं 19 सितंबर के दिन में महाराजपुर गांव में मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया। इससे पहले भी कई गांव में मगरमच्छ पाए गए हैं।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top