
धर्मशाला, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां के जसौर गांव में हाईब्रिड चरस और भांग की खेती का एक अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस तरह के मामले का भंडाफोड़ करते हुए मौके से आरोपी समीर डोगरा को गिरफ्तार कर लिया है।
छापेमारी में पुलिस ने 23 पौधे गमलों में, 13 पौधे जड़ सहित और 27 कटे हुए पौधे रस्सियों पर लटके हुए बरामद किए। इसके अलावा सूखी भांग की पत्तियों से भरे 3 लिफाफे भी मिले हैं। पुलिस को आरोपी के पास से 14 अमेरिकी डॉलर, 2 नेपाली नोट और 13,300 रुपए की भारतीय मुद्रा भी मिली है।
विदेशी सैलानियों को बेचने की तैयारी में था आरोपी
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से आरोपी पर शक था। गुप्त निगरानी के बाद 21 सितंबर को सूचना मिली। आरोपी मकान के अंदर हाईब्रिड चरस और भांग की खेती कर रहा था। वह इसे नशेड़ियों और विदेशी सैलानियों को बेचने की तैयारी में था। बरामद पौधे आधुनिक किस्म के थे। इन्हें विशेष तकनीक से गमलों में उगाया गया था। आरोपी पौधों को काटकर कमरे के अंदर बिना धूप सुखाता था। इससे उसे विदेशी ग्राहकों से ज्यादा दाम मिलते थे।
—————
(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया
