
-राहुल गांधी पर तंज, बोले- अब कोई
सीरियस नहीं लेता
सोनीपत, 22 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने सोमवार को सोनीपत रेस्ट हाउस में आयोजित
पत्रकार वार्ता में जीएसटी सुधार को आर्थिक क्रांति करार दिया। उन्होंने कहा कि इस
सुधार से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, लाडो लक्ष्मी योजना से हरियाणा की महिलाओं
को राहत पहुंचेगी।
बडौली
ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुधार की दिशा
में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में जीएसटी परिषद की बैठक में बड़े बदलाव लागू
हुए हैं। अब 12 और 28 प्रतिशत के स्लैब हटा दिए गए हैं। 28 प्रतिशत की 90 प्रतिशत वस्तुएं
18 प्रतिशत में और 12 प्रतिशत की 99 प्रतिशत वस्तुएं 5 प्रतिशत में आ गई हैं। वहीं
5 प्रतिशत स्लैब की अधिकांश वस्तुएं अब निशुल्क हो गई हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम
सीधे तौर पर आम लोगों को राहत देने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत के मजदूर
के पसीने से तैयार वस्तु का लाभ देश की 144 करोड़ जनता को मिलना चाहिए। जीएसटी से प्राप्त
राशि विकास और जनकल्याण के कामों में खर्च होगी।
इसी कारण भाजपा कार्यकर्ता दुकानदारों
और आम लोगों से मिलकर जागरूकता फैला रहे हैं। बड़ाैली ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में सुधार पर ब्रेक लगा
हुआ था। भाजपा ने 2014 से अब तक लगातार ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत
आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।
लाडो
लक्ष्मी योजना पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि यह योजना 1 नवंबर से लागू होगी। 30 से
60 वर्ष की आयु की महिलाएं जिनकी सालाना आय एक लाख तक है, पहले स्लैब में आएंगी। दूसरी
श्रेणी में 1 लाख से 1.80 लाख तक और तीसरी श्रेणी में 1.80 लाख से 3 लाख आय वर्ग की
महिलाएं शामिल होंगी। इसके लिए एक सरल एप भी तैयार किया गया है।
प्रदेश
अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में अब कोई उन्हें सीरियस नहीं
लेता। उन्होंने पंजाब दौरे पर कहा कि उन्हें बॉर्डर पर रोका गया, जिससे उनकी सोच सबके
सामने आ गई। बिहार चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि नतीजे राहुल गांधी की लोकप्रियता
साफ कर देंगे। इनेलो की 25 सितंबर को रोहतक में होने वाली रैली पर बडोली ने कहा कि
विपक्ष की मजबूती लोकतंत्र के लिए जरूरी है। हालांकि कांग्रेस को उन्होंने विचारधारा
विहीन और समाप्त होती पार्टी बताया। उनका कहना था कि आने वाले समय में कांग्रेस राजनीति
से पूरी तरह बाहर हो जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
