
– पोआमा नर्सरी में हुई बर्ड वॉक
भोपाल, 21 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । जंगली कौआ, नीलकंठ, टुइंया तोता, दूधराज, बुलबुल, कबूतर, कोतवाल, टिटहरी….यह वो पक्षी हैं, जिन्हें देखकर रविवार प्रात: शहर के युवा बेहद उत्साहित हो गए। मौका था पोआमा नर्सरी में बर्ड वॉक का, इसमें बड़े उत्साह से युवा वर्ग ने भाग लिया। पक्षियों की चहचहाहट सुन कर युवाओं का मन प्रफुल्लित हो गया। बर्ड वॉक में युवाओं ने 20 से भी ज्यादा प्रजाति के पक्षियों को देखा और उनके बारे में जाना।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में जिला प्रशासन, मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, आटवी बर्ड फाउंडेशन और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सयुंक्त प्रयासों से रविवार को पोआमा नर्सरी में बर्ड वॉक का आयोजन किया गया। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह व जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के कुशल मार्गदर्शन में यह आयोजन हुआ। यह वॉक आटवी बर्ड फाउंडेशन द्वारा पक्षी विशेषज्ञ रोहित यादव के साथ मिलकर आयोजित की गई थी।
शहर के प्रतिभागियों ने प्रात: 7 बजे पोआमा नर्सरी में बर्ड वॉक शुरू की। यह लगभग 4 किलोमीटर की वॉक थी। इस वॉक में कुल 14 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्हें वॉक बहुत पसंद आई और उन्होंने इसका आनंद लिया। वॉक के दौरान लगभग 17 विभिन्न पक्षी प्रजातियों को देखा, जिनमें हमारा राज्य पक्षी फ्लाईकैचर भी शामिल था। सबसे खास बात यह रही कि वॉक में कई किस्म की तितलियां भी देखी गईं। इस प्रकार की वॉक हर माह में दो बार आयोजित की जाएगी।
(Udaipur Kiran) तोमर
