Madhya Pradesh

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूबा युवक, तलाश जारी

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में डूबा युवक

भोपाल, 21 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में सर्व पितृ अमावस्या पर रविवार को रविवार शाम करीब चार बजे दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में स्नान करने आया एक युवक डूब गया। घाट पर कोई सुरक्षाकर्मी भी मौजूद नहीं था। कोई भी उसकी मदद नहीं कर पाया और देखते ही देखते युवक नर्मदा नदी के तेज बहाव के बीच गहराई में समा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। खबर लिख जाने तक युवक का पता नहीं चला पाया था

पुलिस के अनुसार, युवक का नाम विवेक पटेल (21 साल ) है। वह खंडवा के संजय नगर का रहने वाला है। वह दोस्तों के साथ यहां आया था। जो नदी में नहाने उतरा और गहराई में चला गया। फिलहाल पुलिस और गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं। विवेक वीडियोग्राफी का काम करता था। उसके पिता अरुण पटेल इलेक्ट्रीशियन हैं। परिवार मूल रूप से भोजाखेड़ी के पास बरूड़ गांव का रहने वाला है। विवेक तीन भाइयों में सबसे छोटा है।

दरअसल, ओंकारेश्वर बांध के गेट खुले रहने से नर्मदा का बहाव लगातार तेज है। अमावस्या पर यहां एक लाख से ज्यादा लोग जुटे थे। पिछले एक महीने में नर्मदा नदी में डूबने की यह चौथी घटना है। श्रद्धालुओं का कहना है कि घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसके कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं।

इधर, ओंकारेश्वर में रविवार को ही एक और हादसा हो गया। नए ब्रिज से पुराने ब्रिज को जोड़ने वाले एक ब्रिज की रेलिंग से एक श्रद्धालु गिर गया। बताया जा रहा है कि उसका पैर फिसल गया था। वह सिर के बल चट्टान पर गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा ब्रह्मेश्वर मंदिर के पास शाम करीब 5 बजे हुआ है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। उसकी उम्र करीब 50 साल होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top