
काठमांडू, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने अपने कैबिनेट का विस्तार किया है। उन्होंने अपने कैजिनेट में पांच नए मंत्रियों की नियुक्ति की है।
राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण के लिए जिन पांच मंत्रियों का नाम भेजा गया है, उनमें अनिल कुमार सिन्हा, महावीर पुन, डा संगीता मिश्रा, मदन परियार और जगदीश खरेल का नाम शामिल है। राष्ट्रपति भवन से जारी बयान में इन सभी को मंत्री पद पर नियुक्त किए जाने की जानकारी दी गई है।
राष्ट्रपति भवन के तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक जस्टिस अनिल कुमार सिन्हा को उद्योग, वाणिज्य तथा आपूर्ति मंत्री के रूप में नियुक्ति की गई है। जस्टिस सिन्हा सुप्रीम कोर्ट के अवकाशप्राप्त जज हैं। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी ओली की सरकार द्वारा संसद को भंग करने के फैसले के खिलाफ में आदेश सुनाया था और संसद पुनर्गठन हो पाया था।
महावीर पुन नेपाल के जाने माने वैज्ञानिक हैं और नेपाल के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की जीवन स्तर सुधारने के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। पुन को सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए मैगसेसे अवार्ड से सम्मानित किया गया था। नेपाल में हमेशा ही नए नए आविष्कार का प्रयास करने वाले महावीर पुन को शिक्षा, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्री बनाया गया है।
डॉ संगीता मिश्रा को स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ मिश्रा इस समय स्वास्थ्य मंत्रालय में इस समय अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत थी और आज ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय में सबसे वरिष्ठ अधिकारी होने के बावजूद ओली सरकार ने उन्हें सचिव नहीं बनाया था जिसके बाद वो लंबी छुट्टी पर चली गई थी।
मदन परियार नेपाल के समता फाउंडेशन के अध्यक्ष रहे हैं और कृषि क्षेत्र में काफी अनुसंधान का कार्य किया है। उन्हें कृषि मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह जगदीश खरेल नेपाल के जाने माने पत्रकार, न्यूज एंकर और शो होस्ट हैं। नेपाल के इमेज चैनल के न्यूज डायरेक्टर हैं जिन्हें सूचना तथा संचार मंत्रालय की जानकारी दी गई है।
——————
(Udaipur Kiran) / पंकज दास
